देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 1553 नए मामले सामने आए हैं और 36 लोगों की मौत हो गई है। वहीं देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17265 हो गई है। लेकिन चिंता इस बात की है कि कोरोना के 80 फीसदी मामलों में संक्रमण के लक्षण नहीं दिखें।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर गंगाखेड़कर ने बताया कि कोरोना से निपटने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। लेकिन चिंता की बात यह है कि अब तक सामने आए पाॅजिटिव मामलों में 80 फीसदी मामले ऐसे हैं, जिनमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं दिखाई दिए।
उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों का पता लगाना बेहद कठिन है। इन मामलों का पता लगाने का एक ही जरिया है और वो है कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए मरीजों का पता लगाना। गंगाखेड़कर ने कहा कि अगर यह तरीका नहीं अपनाया जाता है तो मुश्किल खड़ी हो सकती है। इस समय सरकार के निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।