1. हिन्दी समाचार
  2. राजस्थान
  3. सीहोर से जुड़े मिले नीट पेपर लीक के तार, श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी का पूर्व छात्र निकला आरोपी

सीहोर से जुड़े मिले नीट पेपर लीक के तार, श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी का पूर्व छात्र निकला आरोपी

नीट पेपर लीक मामले में नया मोड़ सामने आया है। राजस्थान पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी डॉ. शुभम खैरनार का संबंध मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी से जुड़ा पाया गया है। जांच में सामने आया कि शुभम ने वर्ष 2021 में यूनिवर्सिटी के बीएएमएस कोर्स में प्रवेश लिया था। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार वह नियमित रूप से कॉलेज नहीं आया और किसी परीक्षा या गतिविधि में शामिल नहीं हुआ। मामले के बाद अब जांच एजेंसियां सीहोर कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही हैं।

By: Nivedita 
Updated:
सीहोर से जुड़े मिले नीट पेपर लीक के तार, श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी का पूर्व छात्र निकला आरोपी

देशभर में चर्चा का विषय बने नीट पेपर लीक मामले में अब मध्यप्रदेश के सीहोर जिले का नाम भी जुड़ता नजर आ रहा है। राजस्थान पुलिस की जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपी डॉ. शुभम खैरनार के संबंध सीहोर स्थित श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी से सामने आए हैं। इस खुलासे के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और जांच एजेंसियां अब सीहोर कनेक्शन को भी खंगालने में जुट गई हैं।

नासिक से गिरफ्तारी, सीहोर से निकले संबंध

राजस्थान पुलिस ने 3 मई 2026 को आयोजित नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले में महाराष्ट्र के नासिक निवासी डॉ. शुभम खैरनार को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि शुभम मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के पचामा स्थित श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी में अध्ययन कर चुका है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने विश्वविद्यालय के आयुर्वेद चिकित्सा विभाग में बीएएमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था। इसी जानकारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इस पूरे नेटवर्क के तार सीहोर से तो नहीं जुड़े हुए थे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने दी सफाई

मामले के सामने आने के बाद श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी अपनी स्थिति स्पष्ट की है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु मुकेश तिवारी ने बताया कि शुभम खैरनार ने वर्ष 2021 में बीएएमएस कोर्स में एडमिशन लिया था, लेकिन प्रवेश के बाद वह कभी नियमित रूप से कॉलेज नहीं आया। उन्होंने बताया कि आरोपी किसी भी परीक्षा में शामिल नहीं हुआ और न ही विश्वविद्यालय की किसी शैक्षणिक या अन्य गतिविधि में उसकी भागीदारी रही। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्र का संस्थान से लंबे समय से कोई संपर्क नहीं था।

जांच एजेंसियों की नजर अब सीहोर कनेक्शन पर

नीट पेपर लीक मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। ऐसे में आरोपी के सीहोर से जुड़े होने की जानकारी सामने आने के बाद जांच एजेंसियां अब उसके पुराने संपर्कों और गतिविधियों की भी पड़ताल कर सकती हैं। हालांकि अभी तक सीहोर से किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...