1. हिन्दी समाचार
  2. राजस्थान
  3. जयपुर में TIE ग्लोबल समिट-2026 में शामिल होंगे CM डॉ. मोहन यादव… स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स और वैश्विक निवेशकों से करेंगे संवाद

जयपुर में TIE ग्लोबल समिट-2026 में शामिल होंगे CM डॉ. मोहन यादव… स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स और वैश्विक निवेशकों से करेंगे संवाद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समिट के दौरान मध्यप्रदेश के प्राथमिकता प्राप्त प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों की विस्तृत जानकारी वैश्विक निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं के साथ साझा करेंगे।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
जयपुर में TIE ग्लोबल समिट-2026 में शामिल होंगे CM डॉ. मोहन यादव… स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स और वैश्विक निवेशकों से करेंगे संवाद

डॉ. मोहन यादव सोमवार, 5 जनवरी को जयपुर के जयपुर प्रदर्शनी एवं सम्मेलन केंद्र (JECC) में आयोजित राजस्थान डिजीफेस्ट-टीआईई ग्लोबल समिट-2026 में सहभागिता करेंगे। इस प्रतिष्ठित वैश्विक आयोजन में मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए राज्य की प्रौद्योगिकी, निवेश और नवाचार आधारित विकास दृष्टि को प्रस्तुत करेंगे।

निवेश और प्रौद्योगिकी अवसरों की रखेंगे रूपरेखा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समिट के दौरान मध्यप्रदेश के प्राथमिकता प्राप्त प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों की विस्तृत जानकारी वैश्विक निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं के साथ साझा करेंगे। वे उभरते और उच्च विकास क्षमता वाले क्षेत्रों पर राज्य के फोकस को रेखांकित करते हुए मध्यप्रदेश को निवेश के लिए एक मजबूत और भरोसेमंद गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करेंगे।

इनोवेशन एक्सपो और मध्यप्रदेश पवेलियन का करेंगे भ्रमण

मुख्यमंत्री समिट के अंतर्गत आयोजित इनोवेशन एक्सपो का भ्रमण करेंगे और मध्यप्रदेश पवेलियन का दौरा कर स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स एवं उद्योग प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान वे नवाचार आधारित स्टार्टअप्स की कार्यप्रणाली, तकनीकी समाधान और उनकी विकास संभावनाओं की जानकारी भी लेंगे।

वैश्विक उद्योग जगत के साथ रणनीतिक बैठकों पर जोर

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव सीईओ, निवेशकों और वैश्विक उद्योग प्रतिनिधियों के साथ व्यक्तिगत बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में मध्यप्रदेश में रणनीतिक निवेश, दीर्घकालिक औद्योगिक सहयोग और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

टीआईई ग्लोबल समिट में मध्यप्रदेश की सशक्त भागीदारी

टीआईई ग्लोबल समिट-2026 में मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग सिल्वर स्टेट पार्टनर के रूप में भागीदारी कर रहा है। यह सहभागिता 27 नवंबर 2025 को आयोजित एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 के दौरान द इंडस एंटरप्रेन्योर्स (टीआईई) राजस्थान के साथ हुए समझौते के अनुरूप है।

नई नीतियों के प्रभावी प्रदर्शन का मंच

समिट में मध्यप्रदेश अपनी नवस्थापित और प्रगतिशील नीतिगत व्यवस्था का प्रभावी प्रदर्शन करेगा। ये नीतियां राज्य को अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकी, डिजिटल नवाचार और उच्च-मूल्य वाले रोजगार सृजन का पसंदीदा केंद्र बनाने के साथ-साथ भारत के टियर-2 शहरों के प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त करने के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...