भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक दल ने किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने खाद संकट, सरकारी खरीदी में कथित अनियमितताओं, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिलने जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के मुखौटे पहनकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार की किसान नीतियों के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि प्रदेश का किसान खाद, बीज और उचित मूल्य जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार इन मुद्दों के समाधान के बजाय औपचारिकताओं में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं तथा फसल का उचित मूल्य और प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान का मुआवजा भी समय पर नहीं मिल रहा।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकारी खरीदी व्यवस्था में कई अनियमितताएं हैं और किसानों को उनकी उपज का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है। पार्टी का कहना है कि किसानों के हितों की अनदेखी की जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में असंतोष बढ़ रहा है।
कांग्रेस विधायक दल ने कहा कि किसानों के अधिकार, सम्मान और न्याय की लड़ाई सदन से लेकर सड़क तक जारी रहेगी। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।