रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों मे सभी राजनीतिक पार्टियां लग गई हैं। BSP,SP,BJP के बाद अब कांग्रेस भी सूबे में विधानसभा चुनारव की तैयारियां तेज करने में जुटी हुई है। कांग्रेस की ओर से विधानसभा स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली है। अगस्त क्रांति के दिन नौ अगस्त को हर विधानसभा में ‘भाजपा गद्दी छोड़ो’ के नारे के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता मार्च करेंगे। यह आंदोलन 10 अगस्त को भी चलेगा।
आपको बता दें कि अपने इस दो दिवसीय अभियान के लिए पार्टी ने 400 वरिष्ठ नेताओं को विधानसभावार जिम्मेदारी सौंपी है। इस अभियान में पार्टी की तरफ से महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरने की योजना है। पार्टी ने सभी 403 विधानसभाओं में मार्च का कार्यक्रम तय किया है।
कांग्रेस पार्टी ने इस आंदोलन के लिए प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर न्याय पंचायत के पदाधिकारियों तक को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के 400 वरिष्ठ नेताओं को विधानसभावार मार्च सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। संभावित विधानसभा उम्मीदवारों को भी इस आंदोलन में पूरी ताकत लगाने का निर्देश दिया गया है।
पार्टी का यह अभिय़ान हर विधानसभा क्षेत्र की मुख्य बाजार से होते हुए लगभग पांच किलोमीटर तक चलेगा। प्रदेश में कांग्रेस अपना संगठन खड़ा करने के साथ ही साथ सड़कों पर संघर्ष को प्राथमिकता दे रही है। यूपी कांग्रेस के संगठन निर्माण की प्रकिया अपने अंतिम पड़ाव पर है। प्रदेश के सभी 823 ब्लॉकों में नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने अपनी 25 सदस्यीय कमेटी गठित कर ली है।
सूबे में इन ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों की तादाद 20575 है। साथ ही साथ 8134 न्याय पंचायत अध्यक्ष की नियुक्ति का लक्ष्य भी यूपी कांग्रेस ने पूरा कर लिया है, जिसमें 21 सदस्यों की न्याय पंचायत की कमेटियों के गठन की प्रक्रिया भी जल्द पूरी होने वाली है।