1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. उत्तर भारत में ठंड ने दी दस्तक, दिल्ली में ठंड ने तोड़ा पिछले 17 साल का रिकॉर्ड

उत्तर भारत में ठंड ने दी दस्तक, दिल्ली में ठंड ने तोड़ा पिछले 17 साल का रिकॉर्ड

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
उत्तर भारत में ठंड ने दी दस्तक, दिल्ली में ठंड ने तोड़ा पिछले 17 साल का रिकॉर्ड

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। लद्दाख के द्रास में माइनस 15 डिग्री तक पारा लुढ़क गया। वही, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

वहीं दिल्ली के कुछ हिस्सों में शीत लहर के बीच रविवार को न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2003 के बाद से नवंबर में सबसे कम तापमान है। जबकि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले 14 साल में इस महीने में सबसे कम रहा।

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, “सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह नवंबर 2003 के बाद से दिल्ली में इस महीने में दर्ज हुआ सबसे कम तापमान है। नवंबर 2003 में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।”

वहीं दिल्ली के पड़ोसी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया जहां न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा गोरखपुर, वाराणसी, इलाहाबाद और कानपुर मंडलों में भी मौसम सर्द रहा।

राजस्थान में सर्दी लगातार बढ़ती जा रही है, जहां माउंट आबू में रात का न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन भी एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक बीती शनिवार रात में राज्य के एक मात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान सबसे कम 1.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने राज्य में आगामी 24 घंटे के दौरान रात के तापमान में और गिरावट होने की संभावना जताई है। हरियाणा और पंजाब में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य सीमाओं से नीचे दर्ज किया गया।

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आप को बता दे कि मौसम केंद्र जान-माल के लिए नुकसानदेह साबित होने वाले खराब या बेहद खराब मौसम की आशंका को देखते हुए विभिन्न रंगों से संबंधित चेतावनियां जारी करता है। येलो अलर्ट सभी चेतावनी स्तर के लिहाज से सबसे कम खतरे का सूचक होता है। यह अगले कुछ दिन मौसम खराब रहने की आशंका की ओर इशारा करता है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...