रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: यूपी के CM योगी आदित्यनाथ प्रदेश में कोरोना महामारी से अनाथ हुए बच्चों की देखभाल के लिए बाल सेवा योजना का शुभारंभ करने वाले हैं। CM योगी 22 जुलाई गुरुवार को दोपहर 12 बजे लोक भवन के सभागार में इस योजना का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में राजधानी लखनऊ के 50 अनाथ बच्चों को भी शामिल किया जायेगा।
आपको बता दें कि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिलों में भी किया जाएगा। बाल सेवा योजना के शुभारंभ में सरकार बच्चों की देखभाल कि जिम्मेदारी संभाल रहे अभिभावकों के बैंक खाते में धनराशि भेजेगी। कार्यक्रम के शुभारंभ के इस अवसर पर महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार की राज्य मंत्री स्वाति सिंह भी मौजूद रहेंगी। राजधानी लखनऊ में कोविड के दौरान अनाथ बच्चों की संख्या बढ़कर 292 हो गई है।
सरकार कोरोना महामारी से अनाथ हुए बच्चों को जो लाभ देने जा रही है, उसमें बच्चों को सरकारी बाल देखरेख संस्थाओं में निशुल्क आवास मिलेगा। इसके साथ ही 0-18 साल तक के बच्चों के अभिभावकों को चार हजार रुपये प्रति माह मिलेगा। सरकार की ओर से पढ़ाई के लिए भी 11-18 साल के सभी बच्चों की कक्षा 12 वीं तक की निशुल्क शिक्षा का प्रवधान किया गया है। कस्तूरबा गांधी बालिका/अटल आवासीय विद्यालयों में और 12 हजार रुपये प्रतिवर्ष मिलेगा।
इसके साथ ही अनाथ बच्चों के बालिग होने पर लड़कियों के विवाह के लिए 1 लाख रुपये की आर्थिक सहयोग सरकार देगी। कक्षा-9 और इससे ऊपर/व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर रहे 18 वर्ष तक के बच्चों को टैबलेल व लैपटॉप देने का प्रवधान किया गया है। सबसे बड़ी बात बालिग होने तक बच्चों की चल-अचल संपत्ति की कानूनी सुरक्षा होगी।