गोरखपुर। राजघाट अंत्येष्टि स्थल पर उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब बैठने के लिए बनाए गए गुंबद पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से गुंबद का स्लैब भरभराकर नीचे आ गिरा। हादसे के समय नीचे बैठे दो लोग मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए।
गंभीर घायल ने रास्ते में तोड़ा दम
हादसे के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए BRD मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।दूसरे घायल का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
CM योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे मामले का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।आकाशीय बिजली गिरने से हुई मौत पर पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को अतिरिक्त आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाए।
बारिश और बिजली ने गहरा किया मातम
एक तरफ लोग अपनों को अंतिम विदाई देने राजघाट अंत्येष्टि स्थल पहुंचे थे, तो दूसरी तरफ अचानक हुई बारिश और आकाशीय बिजली ने माहौल को और गमगीन कर दिया। बारिश से बचने के लिए गुंबद के नीचे बैठे लोगों पर अचानक स्लैब गिर गया और कुछ ही पलों में खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे के बाद प्रशासन राहत और उपचार कार्यों में जुटा है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
अंकित श्रीवास्तव की रिपोर्ट