पन्ना। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के तत्वावधान में पन्ना नगर में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। जिलेभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालु, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग शोभायात्रा में शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत श्री जुगल किशोर मंदिर प्रांगण में आयोजित मंचीय समारोह से हुई। महासभा के जिलाध्यक्ष नत्थू सिंह यादव ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य समाज में शिक्षा, एकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि रोशनी यादव ने समाज के लोगों से शिक्षा को प्राथमिकता देने, संगठित रहने और आपसी भेदभाव खत्म कर सामाजिक एकता मजबूत करने का आह्वान किया।
इसके बाद श्री जुगल किशोर मंदिर से राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी के साथ शोभायात्रा शुरू हुई। सुसज्जित रथ पर विराजमान राधा-कृष्ण की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। भक्तिमय संगीत और “जय यादव, जय माधव” के जयघोष के बीच युवा उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए आगे बढ़े।शोभायात्रा पंचम सिंह चौराहा, अजयगढ़ चौराहा, बड़ा बाजार, बलदेव मंदिर, कटरा और गांधी चौक होते हुए वापस श्री जुगल किशोर मंदिर पहुंची, जहां आरती और पूजा-अर्चना के साथ इसका समापन हुआ।
शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। अजयगढ़ चौराहे पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव ने झांकी का स्वागत किया, जबकि कोतवाली चौराहे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनीश खान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर शोभायात्रा का अभिनंदन किया।पूरे आयोजन के दौरान पन्ना नगर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष से शहर गुंजायमान होता रहा। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने शोभायात्रा को भव्य और यादगार बना दिया।
राजेश रावत की रिपोर्ट