मुरैना। लगातार हो रही बारिश के चलते नगर निगम के वार्ड नंबर 44 स्थित डाभीपुरा में हालात बिगड़ गए हैं। भारी जलभराव के कारण सड़कें और रास्ते पानी में डूब गए हैं, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। वहीं खेतों में पानी भरने से किसानों की फसलें भी चौपट होने की कगार पर पहुंच गई हैं।क्षेत्र में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। रास्तों पर पानी भर जाने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार
हालात की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार मौके पर पहुंचे और जलभराव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
किसानों की फसलें प्रभावित
बारिश और जलभराव से खेतों में खड़ी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने, बंद रास्तों को आवागमन योग्य बनाने और फसल नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित राहत देने की मांग की है। ग्रामीणों की मांग है कि जलभराव से जल्द निजात दिलाई जाए, रास्तों की स्थिति सुधारी जाए और फसल क्षति का सर्वे कराकर किसानों को राहत दी जाए।
बंटी सैमिल की रिपोर्ट