1. हिन्दी समाचार
  2. एजुकेशन
  3. शिक्षक दिवस पर काली पट्टी बांधकर शिक्षकों का विरोध, एरियर भुगतान में देरी पर उठे सवाल

शिक्षक दिवस पर काली पट्टी बांधकर शिक्षकों का विरोध, एरियर भुगतान में देरी पर उठे सवाल

टीकमगढ़ में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। लंबित एरियर भुगतान, बिलों में विसंगतियों और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की गई। दो दिन में भुगतान नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी।

By: BS Yadav 
Updated:
शिक्षक दिवस पर काली पट्टी बांधकर शिक्षकों का विरोध, एरियर भुगतान में देरी पर उठे सवाल

टीकमगढ़। शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02 के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ टीकमगढ़ के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार नापित के नेतृत्व में शिक्षकों ने लंबे समय से लंबित एरियर भुगतान को लेकर नाराजगी जताई।

शिक्षकों का कहना है कि वे पिछले तीन माह से अपने एरियर भुगतान की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को कई बार ज्ञापन एवं मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हो सका। शिक्षकों के मुताबिक कुछ एरियर करीब आठ वर्षों से लंबित हैं।

शिक्षकों ने आरोप लगाया कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से भेजे गए बिलों में विसंगतियों के चलते ट्रेजरी में आपत्तियां लगीं और भुगतान अटक गया। प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर वैधानिक कार्रवाई की मांग की।

शिक्षक कार्तिक खरे, करीम खान सहित महिला शिक्षिकाओं सविता नरवरिया, अनीता श्रीवास्तव, सीमा पुरोहित और अंजली ने भी लंबे समय से भुगतान नहीं होने पर नाराजगी जताई।जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार नापित ने कहा कि शिक्षकों ने गांधीगिरी के तरीके से काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया है। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर सभी लंबित एरियर का भुगतान नहीं किया गया, तो वे धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...