शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा में रविवार को विधायक प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2025-26 की हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन विधायक प्रीतम सिंह लोधी की ओर से किया गया। इसमें विधानसभा क्षेत्र के शासकीय और निजी विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
हाई स्कूल परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान बनाने वाली छात्रा स्मृति पांडे, उनकी मां श्रीमती अखिलेश पांडे और विद्यालय के शिक्षक सतीश रजक को गोल्ड मेडल और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।वहीं CBSE बोर्ड में जिला टॉप करने वाली छात्रा अंजली गुप्ता को भी गोल्ड मेडल और प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।कार्यक्रम के दौरान करीब 250 छात्र-छात्राओं को सिल्वर मेडल और लगभग 4,500 विद्यार्थियों को ब्रॉन्ज मेडल देकर उनकी प्रतिभा का सम्मान किया गया।
इस मौके पर विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यालय को 25 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया।विधायक लोधी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति लगन और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है, ताकि छात्र बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, अभिभावक और आमजन मौजूद रहे।यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।
कुलदीप गुप्ता की रिपोर्ट