गोरखपुर। बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से राजघाट अंत्येष्टि स्थल पर बड़ा हादसा हो गया। यहां लोगों के बैठने के लिए बनाए गए गुंबद पर आकाशीय बिजली गिरने के बाद उसका स्लैब भरभराकर नीचे आ गिरा। हादसे के वक्त गुंबद के नीचे बैठे दो लोग मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए।हादसे में संजय सिंह और आलोक अस्थाना घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। आलोक अस्थाना की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए BRD मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं संजय सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद शिफ्ट किया गया।

घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी पर सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में कथित देरी का मुद्दा उठाया। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की बात कही है।जिलाधिकारी के मुताबिक, यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन यह भी जांच कराएगा कि घायल को BRD मेडिकल कॉलेज ले जाने में देरी क्यों हुई।
गुंबद की तकनीकी जांच भी होगी
प्रशासन के मुताबिक प्रथम दृष्टया हादसे की वजह आकाशीय बिजली गिरना सामने आई है। हालांकि गुंबद की मजबूती और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी जांच की जाएगी।गुंबद के निर्माण में इस्तेमाल सामग्री के सैंपल लिए जाएंगे और उनकी गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह और निर्माण से जुड़े किसी संभावित पहलू को जांच के बाद ही स्पष्ट किया जा सकेगा।एक तरफ आकाशीय बिजली को हादसे की प्रथम वजह माना जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ निर्माण की मजबूती और घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में हुई संभावित लापरवाही की भी जांच होगी। अब निगाहें प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर हैं कि हादसे की पूरी वजह क्या सामने आती है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही साबित होती है तो जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की जाती है।
अंकित श्रीवास्तव की रिपोर्ट