गोरखपुर। सार्वजनिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए गोरखपुर के लोगों को अब भव्य मंच पहले की तुलना में काफी कम खर्च में उपलब्ध होगा। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) ने योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र के किराए में भारी कटौती की है। बड़े ऑडिटोरियम का किराया ₹4.13 लाख से घटाकर ₹1,29,800 और छोटे ऑडिटोरियम का किराया ₹2,24,200 से घटाकर महज ₹47,200 कर दिया गया है।जीडीए बोर्ड की बैठक में जनहित को ध्यान में रखते हुए किराए में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। नई दरों में स्थिर विद्युत व्यय और जीएसटी भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि किराए में बड़ी कमी से प्रेक्षागृह की बुकिंग बढ़ेगी और आमजन तथा विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों को कार्यक्रम आयोजित करने में आर्थिक सहूलियत मिलेगी।
52 करोड़ रुपये की लागत से बना है सांस्कृतिक केंद्र
रामगढ़ताल क्षेत्र के सुरम्य वातावरण में निर्मित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था। इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 21 मार्च 2021 को किया था।सांस्कृतिक केंद्र में अलग-अलग क्षमता वाले दो ऑडिटोरियम हैं। बड़े ऑडिटोरियम में दो तल और भव्य मंच के साथ 1,012 लोगों के बैठने की क्षमता है। वहीं छोटे ऑडिटोरियम की क्षमता 275 लोगों की है।
बड़े ऑडिटोरियम का किराया दो-तिहाई से ज्यादा घटा
पहले बड़े ऑडिटोरियम की बुकिंग के लिए स्थिर विद्युत व्यय और जीएसटी सहित ₹4,13,000 का किराया निर्धारित था। अब इसे घटाकर ₹1,29,800 कर दिया गया है।इसी तरह छोटे ऑडिटोरियम का किराया पहले ₹2,24,200 था, जिसे अब घटाकर ₹47,200 कर दिया गया है।
जमानत राशि में भी बड़ी कटौती
जीडीए ने केवल किराए में ही कमी नहीं की है, बल्कि बुकिंग के लिए ली जाने वाली जमानत अग्रिम राशि भी कम कर दी है।बड़े ऑडिटोरियम की जमानत राशि ₹2 लाख से घटाकर ₹50,000 और छोटे ऑडिटोरियम की जमानत राशि ₹1 लाख से घटाकर ₹20,000 कर दी गई है।जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, किराए में कमी से प्रेक्षागृह की बुकिंग संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इससे आमजन और विभिन्न संगठनों को कार्यक्रम आयोजित करने में आर्थिक राहत मिलेगी। साथ ही, बुकिंग बढ़ने से प्रेक्षागृह के अनुरक्षण पर आने वाले व्यय भार में भी जीडीए को राहत मिलने की संभावना है।
अब प्रथम तल के दो हाल भी होंगे बुक
योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र के प्रथम तल पर बने दो हाल का भी अब किराए पर आवंटन किया जाएगा। अभी तक इन दोनों हाल की बुकिंग नहीं होती थी।
नई व्यवस्था के तहत दोनों हाल में से प्रत्येक की बुकिंग ₹29,500 में की जाएगी। इस राशि में स्थिर विद्युत व्यय और जीएसटी शामिल होंगे।
इसके अलावा प्रेक्षागृह परिसर में स्थित लॉन की बुकिंग के लिए ₹17,700 किराया निर्धारित किया गया है।
क्या हैं नई किराया दरें?
बड़ा ऑडिटोरियम — क्षमता 1,012
पुराना किराया: ₹4,13,000
नया किराया: ₹1,29,800
छोटा ऑडिटोरियम — क्षमता 275
पुराना किराया: ₹2,24,200
नया किराया: ₹47,200
प्रथम तल के प्रत्येक हाल: ₹29,500
प्रेक्षागृह परिसर का लॉन: ₹17,700
जीडीए के इस फैसले से योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह अब सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए पहले की तुलना में अधिक किफायती मंच बन गया है।
अंकित श्रीवास्तव की रिपोर्ट