वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के बीच तीन दौर की बातचीत सहित कूटनीतिक और सैन्य स्तर के माध्यम से हुई गहन वार्ता के बाद चीन ने 10 भारतीय जवानों को रिहा कर दिया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इन जवानों को 15 जून को पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों ने साथ हुई हिंसक झड़प के बाद चीनी सेना ने हिरासत में ले लिया था।
पीटीआई के मुताबिक, इन 10 जवानों में दो सैन्य अधिकारी भी शामिल है। ये सभी लोग गुरूवार को भारतीय सीमा में आ गए। याद हो, तीन दिन पहले एलएसी पर हुई हिंसक झड़प में एक कर्नल सहित भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हो गए थे।
भारत-चीन के बीच बढ़े तनाव के बीच सैनिकों की सुरक्षा को देखते हुए इन वार्ताओं की जानकारी को बाहर नहीं आने दिया गया। इसे लेकर सरकार ने भी कोई जानकारी साझा नहीं की थी। भारतीय सेना और विदेश मंत्रालय ने गुरूवार को बस इतना कहा था कि गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प में कोई भी भारतीय जवान लापता या गायब नहीं है।