भोपाल पुलिस मुख्यालय में आयोजित IG और ADG कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। इस दौरान पुलिस मुख्यालय आगमन पर मुख्यमंत्री का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत एवं अभिवादन किया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय आईजी कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा एवं सुशासन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं और निरंतर बेहतर कार्य कर रही है।

सीएम ने कहा कि राज्य ने नक्सलवाद जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। उन्होंने इसे पुलिस विभाग की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि पुलिस लगातार चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग हर परिस्थिति में नए कानूनों को प्रभावी रूप से लागू कर रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत हो रही है। विकास की प्रक्रिया में पुलिस की भूमिका को उन्होंने बेहद महत्वपूर्ण बताया।

भोपाल में हाल ही में ATS द्वारा की गई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ने तत्परता से कार्य करते हुए पूरे नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा जनता की सुरक्षा के लिए सतर्क रहकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
