भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय आईजी कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सहभागिता की और पुलिस अधिकारियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास बनाए रखना पुलिस का प्रमुख दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ितों के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार अपनाते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 जैसे अंतरराष्ट्रीय महत्व के आयोजन में मध्यप्रदेश पुलिस को अपनी उत्कृष्ट सेवा, सतर्कता और समर्पण का सर्वोत्तम उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अभी से प्रभावी रणनीति तैयार करने की आवश्यकता बताई।

मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए तकनीकी क्षमता बढ़ाने और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने मानव तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, महिला सुरक्षा और बच्चों के संरक्षण से जुड़े मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।