1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे होमगार्ड मुख्यालय, बारिश के हालात को लेकर ली बैठक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे होमगार्ड मुख्यालय, बारिश के हालात को लेकर ली बैठक

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में होमगार्ड मुख्यालय पहुंचकर बारिश और रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की। अधिकारियों को अलर्ट रहने और जरूरत पर अंतरराज्यीय समन्वय के निर्देश दिए।

By: BS Yadav 
Updated:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे होमगार्ड मुख्यालय, बारिश के हालात को लेकर ली बैठक

भोपाल: मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहत और बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री आज भोपाल स्थित होमगार्ड मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों और रेस्क्यू टीम के साथ बैठक कर प्रदेश में बारिश से उत्पन्न हालात की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में रेस्क्यू टीमों को तत्काल सक्रिय किया जाए और जरूरत पड़ने पर आसपास के जिलों तथा अन्य राज्यों के साथ समन्वय कर राहत एवं बचाव कार्य तेज किए जाएं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होमगार्ड मुख्यालय में जीपी कैलाश मकवाना समेत पुलिस और रेस्क्यू टीम के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। बैठक में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार हो रही बारिश, जलभराव और रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति की समीक्षा की गई।

सीएम ने कहा कि बारिश के कारण जहां भी नागरिक, किसान या मवेशी संकट में हैं, वहां रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय होकर राहत एवं बचाव कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक रेस्क्यू टीमों ने 27 लोगों की जान बचाई है। कई स्थानों पर एक साथ फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में भी टीमों ने सफलता हासिल की है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि रेस्क्यू टीमों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। इसलिए जरूरत पड़ने पर एक साथ कई स्थानों पर रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित करने की तैयारी रखी जाए। इसके लिए आसपास के जिलों और आवश्यकता पड़ने पर दूसरे राज्यों की टीमों के साथ भी समन्वय किया जाए।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि सरकार मुश्किल परिस्थितियों में जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने रेस्क्यू टीमों द्वारा दिन-रात किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने आम लोगों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोग किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं। बारिश के दौरान पानी का बहाव तेज होने की स्थिति में वाहन लेकर आगे बढ़ने से बचें।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...