पाकिस्तान से राजस्थान होते हुए टिड्डियों के दल ने भारत के कई राज्यों में दस्तक दे दी है। टिड्डी दल ने राजस्थान, पंजाब और मध्यप्रदेश में फसलों को नष्ट कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र की चेतावनी के अनुसार मरूस्थलीय टिड्डियों का दल इस साल देश की कृषि के लिए एक गंभीर खतरा है।
टिड्डी दल पंजाब, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ में फसलों को काफी नुकसान पहुंचा रहा है। इसके लिए केंद्र सरकार ने राज्यों को चेतावनी जारी की है।
खाद्य और कृषि संगठन की टिड्डियों को लेकर जारी सूचना के अनुसार टिड्डियां एक दिन में 150 किलोमीटर तक उड़ सकती है और एक वर्ग किलोमीटर का झुंड एक दिन में 35,000 लोगों के बराबर का भोजन चट कर सकते हैं।
टिड्डियों को लेकर केंद्र सरकार ने कीटनाशकों के छिड़काव के लिए 11 नए निगरानी स्टेशनों की स्थापना के लिए वायुसेना के हेलीकाॅप्टरों के एक बेड़े को तैयार किया है और इनसे निपटने के लिए नए उपकरणों को आयात कर रही है।