दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के बाद बुरहानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। सोमवार शाम लालबाग रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशों की धुन, आतिशबाजी और मिठाई वितरण के साथ विजय उत्सव मनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
विजय उत्सव के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दतिया उपचुनाव के परिणाम को जनता के विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत बताया। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष वाजिद इकबाल ने कहा कि दतिया की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में भरोसा जताकर बदलाव का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत जनभावनाओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

कांग्रेस नेत्री अनीता अमर यादव ने कहा कि दतिया की जीत प्रदेश में कांग्रेस के प्रति बढ़ते जनसमर्थन को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार किसानों, युवाओं, बेरोजगारों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन को इस सफलता का आधार बताया और आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने की बात कही।
विजय उत्सव कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वाजिद इकबाल, अनीता यादव, योजना देवड़ा, अजय रघुवंशी, इन्द्रसेन देशमुख, हुजेफा मुलायमवाल, अकील औलिया सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।