UP News: गोरखपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 477 किलो संदिग्ध काली मिर्च बरामद कर सीज़ कर दी है। शुरुआती जांच में काली मिर्च में मिलावट की आशंका जताई गई है। बरामद माल की कीमत करीब 3 लाख 33 हजार 900 रुपये बताई जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि गोदाम संचालक के पास FSSAI का लाइसेंस भी नहीं मिला। फिलहाल नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों के मौसम से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग को सूचना मिली थी कि तिवारीपुर थाना क्षेत्र के मोहनलालपुर स्थित एक गोदाम से बिना बिल-वाउचर के संदिग्ध खाद्य पदार्थों का कारोबार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुधीर कुमार राय के नेतृत्व में टीम ने गोदाम पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गोदाम संचालक नीरज कुमार मद्धेशिया मौके पर मिला, लेकिन वह खाद्य सुरक्षा विभाग का FSSAI लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
छापेमारी के दौरान गोदाम में भारी मात्रा में रखी साबुत काली मिर्च टीम को संदिग्ध लगी। प्राथमिक जांच में मिलावट की आशंका के बाद विभाग ने काली मिर्च का नमूना जांच के लिए सुरक्षित कर लिया और करीब 477 किलोग्राम काली मिर्च, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 33 हजार 900 रुपये है, उसे मौके पर ही सीज़ कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि नमूना राज्य जनविश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जाएगा। यदि जांच में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मसाले और अन्य खाद्य पदार्थ हमेशा लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही खरीदें। बेहद सस्ते दाम पर मिलने वाले मसालों से सावधान रहें, क्योंकि मिलावटी खाद्य पदार्थ आपकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। यदि किसी खाद्य सामग्री में मिलावट की आशंका हो तो इसकी सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि मिलावटखोर आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। अब सबकी निगाहें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि बरामद काली मिर्च कितनी खतरनाक थी और दोषियों पर कितनी बड़ी कार्रवाई होगी।
अंकित श्रीवास्तव की रिपोर्ट