नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने में तकरीबन 6 माह शेष है, उससे पहले ही बीजेपी ने अपना बड़ा प्लान तैयार कर लिया है। जिससे विपक्षी पार्टियों की धड़कन बढ़ सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी अपने सभी दिग्गजों को मैदान में उतारेगी। सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या, दिनेश शर्मा समेत कई बड़े नेता विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे।

किन सीटों से लड़ सकते है चुनाव
सीएम योगी का गोरखपुर की किसी सीट से चुनाव लड़ना संभव है। केशव प्रसाद कौशांबी की सिराथू सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। दिनेश शर्मा लखनऊ से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। वहीं डॉ महेंद्र कुंडा सीट चुनाव लड़ सकते हैं। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अभी विधान परिषद के सदस्य हैं। वहीं, प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, महेंद्र सिंह जैसे बड़े नेता भी चुनावी मैदान में उतरेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ये निर्देश बीजेपी आलाकमान ने दिए हैं।

माना जा रहा है इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ेगा। साथ ही उनके विधानसभा में चुनकर आने से एमएलसी की सीटें खाली होंगी, इसका फायदा उन कार्यकर्ताओं को होगा जिनका फायदा पार्टी संगठन के कामों में लेती है। उन कार्यकर्ताओं को एमएलसी बनाकर भेजा जा सकता है।
बीजेपी ने चुनाव को लेकर शुरू की तैयारी
बता दें कि बीजेपी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट गई है। इससे पहले बीजेपी ने प्रदेश भर में जिला कार्यसमिति की बैठक का आयोजन किया। कार्यसमिति में ये साफ किया गया कि सेवा कार्यों से ही उत्तर प्रदेश उत्तम और अग्रणी प्रदेश बना है। लखनऊ में हुई बैठक में संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि विशेष अभियान चलाकर और घर-घर संपर्क करते हुए पार्टी की योजनाओं व विचारधारा से अवगत कराते हुए लोगों को ज्यादा से ज्यादा जोड़ना है। बंसल ने कहा कि जनसंघ की शुरुआत कभी 5 सदस्यों की टीम के साथ हुई थी, जो आज विश्व की सबसे बड़ी इकाई बन गई है।