बिजनौर: सिपाही ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, एसपी के आदेश पर हुआ मामला दर्ज
बिजनौर के एक कालोनी निवासी किशोरी के साथ सिपाही ने दुष्कर्म किया। महिला ने सिपाही पर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी और मुकदमा दर्ज करने का निवेदन किया।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी जानकारी जुटाई जाएगी। दोनों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
कालोनी में रहने वाली एक महिला का आरोप है कि शहर कोतवाली में तैनात सिपाही मनोज रस्तोगी का उसके घर आना-जाना था। उसका पति से विवाद चल रहा था।
सिपाही ने मदद का भरोसा दिलाया था। धीरे-धीरे में वह परिवार में घुल-मिल गया। उसने परिवार की जिम्मेदारी ली। आरोप है कि 11 सितंबर को वह उसके कमरे में आया और उसकी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म किया।
जानकारी होने पर उसकी शिकायत थाने में की। पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। मुकदमा दर्ज नहीं करने पर एसपी को प्रार्थनापत्र दिया गया। एसपी के आदेश पर सिपाही मनोज रस्तोगी के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सिपाही का तबादला मुरादाबाद हो चुका है। शहर कोतवाल राजेश सोलंकी ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, आरोपित सिपाही का कहना है कि उसे रुपयों के लालच में फंसाया जा रहा है।