1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP चुनाव से पहले भारतीय किसान नेता राकेश टिकैत की बड़ी चेतावनी, कहा- अगर मांग नहीं मानी तो लखनऊ को दिल्ली बना देंगे

UP चुनाव से पहले भारतीय किसान नेता राकेश टिकैत की बड़ी चेतावनी, कहा- अगर मांग नहीं मानी तो लखनऊ को दिल्ली बना देंगे

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने में अभी कुछ माह शेष है, उससे पहले ही भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने सरकार को बड़ी चेतावनी दे डाली है। और कहा है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो देश की हर राजधानी को दिल्ली बना देंगे। लखनऊ को दिल्ली बना देंगे।

By: Amit ranjan 
Updated:
UP चुनाव से पहले भारतीय किसान नेता राकेश टिकैत की बड़ी चेतावनी, कहा- अगर मांग नहीं मानी तो लखनऊ को दिल्ली बना देंगे

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने में अभी कुछ माह शेष है, उससे पहले ही भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने सरकार को बड़ी चेतावनी दे डाली है। और कहा है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो देश की हर राजधानी को दिल्ली बना देंगे। लखनऊ को दिल्ली बना देंगे। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्रैक्टर पर सवार होकर संसद जाने पर टिकैत ने कहा कि अब संसद तक ट्रैक्टर जाएगा। यह ट्रैक्टर नहीं है, बल्कि टैंक है।

लखनऊ पहुंचे राकेश टिकैत ने कहा कि हम आखिर लखनऊ क्यों नहीं आ सकते हैं। लखनऊ को दिल्ली बनाएंगे और इसे भी घेरेंगे। उन्होंने कहा कि, ”ट्रेनों को रोककर रखा गया है, नहीं तो यहां भी आज भीड़ होती। किसान हैं और वे कुछ भी कर सकते हैं। देश की हर राजधानी को दिल्ली बनाएंगे।” बीजेपी पर हमला बोलते हुए किसान नेता टिकैत ने कहा कि बीजेपी भी तीन तरह की है। एक बीजेपी मकान के अंदर कैद है। एक छीनी हुई है तो तीसरी दूसरे लोगों को भर्ती करने वाली है। इनके नेता खुद नहीं कुछ बोल सकते हैं।

‘हमारी लड़ाई मोदी सरकार से’

पिछले आठ महीनों से दिल्ली के बॉर्डर पर कई किसानों के साथ कृषि कानूनों की वापसी की मांग कर रहे टिकैत ने कहा कि किसानों की लड़ाई बीजेपी से नहीं है। उन्होंने कहा कि, ”हमारी लड़ाई बीजेपी से नहीं, बल्कि मोदी सरकार से है। बीजेपी के बड़े नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया गया है। वहीं, किसान आंदोलन में लगे एसी के सवाल पर टिकैत ने कहा कि आखिर किसके घर पर एसी नहीं लगी है। हमने वहां पर प्रेस क्लब बना रखा है और वहीं पर एसी लगा था, जहां आराम करने के लिए लेट गए। उसी फोटो को बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

‘यूपी में क्यों नहीं मिल रही फ्री बिजली?’

लखनऊ आने के सवाल पर राकेश टिकैत ने कहा कि पूरे प्रदेश में बैठके होंगी। ये लोग देखते रह जाएंगे। हर जगह किसानों को बिजली फ्री दी जा रही है, तो फिर यूपी में क्यों नहीं मिल रही? उन्होंने पूछा कि आखिर हम चुनाव में क्यों नहीं जा सकते? अब ये चुनावी भाषा में समझेंगे तो वैसी ही दवाई दी जाएगी। बिना चुनाव लड़े दवाई देंगे। बंगाल में दवाई दी, उससे इन्हें आराम मिला। किसान रहकर ही जंग लड़ेंगे। उन्होंने आगे कहा कि आंदोलन ठीक रहेगा तो सरकारें ठीक रहेंगी, आंदोलन हल्का पड़ा तो फिर सही नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब दबाव पड़ा था तो अखिलेश यादव, मायावती ने गन्ने को दामों में बढ़ोतरी की थी, लेकिन योगी आदित्यनाथ ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ को अधिकारी बहकाते हैं।

राकेश टिकैत ने कहा कि ”चार साल से गन्ने का रेट नहीं बढ़ाया गया है, 12 हज़ार करोड़ रुपये का अबतक बकाया है। योगी सरकार ने गन्ने में एक रुपये नहीं बढ़ाये। 7-8 राज्यों में किसान को बिजली फ्री है लेकिन यूपी में ऐसा नहीं है।” उन्होंने दावा किया कि ”गुजरात की सरकार को पुलिस चलाती है। कुछ ऐसा ही यूपी में भी होने वाला है जहां राज्य को पुलिस स्टेट बनाने की तैयारी है।“

कैमरा और कलम पर लगाया जा रहा है पहरा

किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि ”हम किसानों के बीच जाएंगे। 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में बड़ी किसान पंचायत का आयोजन किया जाएगा। कैमरा और कलम पर पहरा लगाया जा रहा है। पूरे देश को कैप्चर करके रखा गया है।” उन्होंने कहा कि ”जब तक 3 कानून वापस नहीं होंगे, हमारा आंदोलन वापस नहीं होगा।”

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...