मुंबई: कोरोना महामारी के इस दौर में इंडिया टीवी को भी बड़ा झटका लगा है। खबर है कि मशहूर एंकर चारुल मलिक ने इंडिया टीवी न्यूज चैनल को छोड़ दिया है। इस चैनल में चारुल मलिक ‘सास बहू और सस्पेंस’ नाम का प्रोग्राम एंकर व प्रोड्यूस करती थीं। जो काफी TRP वाला प्रोग्रम था। महामारी के इस दौर में चारुल बालीवुड पर आधारित शो ‘तलाश एक सितारे की’ प्रोड्यूस और एंकर करने लगीं। ये शो मौजूदा वक्त में भी ऑन एयर है।
आपको बता दें कि एंकर और प्रोड्यूसर चारुल मलिक इंडिया टीवी में उस वक्त आईं थीं जब इस चैनल में अजीत अंजुम जैसे दिग्गज पत्रकार हुआ करते थे। मुंबई से प्रोग्राम करने के लिए चारुल मलिक समेत पूरी टीम बनाई गई थी। चारुल ने 10 मई 2015 को इंडिया टीवी में बतौर एक्जीक्यूटिव एडिटर व एंकर ज्वाइन किया था। चारुल और उनकी टीम ने चर्चित शो ‘सास बहू और सस्पेंस’ शुरू किया। लांच के दो महीने बाद ही दोपहर बाद के कार्यक्रमों में यह सर्वाधिक TRP देने वाला शो बन गया। यह शो ABP न्यूज और AAJTAK को टक्कर देने लगा।
सास बहू और सस्पेंस डेली शो था। चारुल इसे प्रोड्यूस भी करती थीं और एंकर भी करती थीं। कोरोना काल में ये कार्यक्रम होल्ड कर इसकी जगह ‘तलाश एक सितारे की’ नाम से कार्यक्रम लाया गया। इस बालीवुड शो को भी चारुल प्रोड्यूस व एंकर करती थीं।
आपको बता दें कि इंडिया टीवी में चारुल का कांट्रैक्ट खत्म हो रहा था। इंडिया टीवी के मालिक रजत शर्मा और रीतू दोनों ही चारुल को चैनल से जाने नहीं देना चाहते थे। उन्होंने चारुल को आफर दिया कि वे दिल्ली आ जाएं और जनरल न्यूज करें, पर चारुल एंटरटेनमेंट की दुनिया में इतनी रम गई हैं, इस दुनिया में उनका इतना नाम हो गया है कि उन्हें मुंबई छोड़ना अच्छा नहीं लग रहा था। इसी कारण उन्होंने बड़ी विनम्रता से दिल्ली शिफ्ट करने के प्रस्ताव को मना कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक चारुल को कई सीरियल्स का ऑफर है। एंटरटेनमेंट शोज के लिए कई चैनल्स से भी ऑफर है। लेकिन कहा जा रहा है कि इसके बारे में चारुल महीने भर बाद सोचेंगी। फिलहाल चारुल का एक महीने का फुल टाइम रेस्ट का प्रोग्राम है।