बीएचयू लापता छात्र मामला: सीबीसीआईडी करेगी मामले की जांच
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के बीएचयू के छात्र शिव कुमार त्रिवेदी के पुलिस कस्टडी से लापता होने के मामले की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी गई है। वाराणसी के एसपी सिटी विकास त्रिपाठी ने हलफनामा दाखिल कर कोर्ट को ये जानकारी दी है।
एसपी सिटी के मुताबिक, राज्य सरकार ने 29 अक्टूबर को मामले की जांच सीबीसीआईडी को सौंपी है। याची अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने याचिका में सीबीआई जांच की मांग की है।
जस्टिस प्रीतिकर दिवाकर की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच में मामले की सुनवाई हुई। कोर्ट में मामले की अगली सुनवाई 4 जनवरी 2021 को होगी।
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले का रहने वाला शिव कुमार त्रिवेदी बीएचयू में बीएससी सेकेंड ईयर का छात्र है। वह लंका थाने से पुलिस कस्टडी से लापता हुआ था। उसे लापता हुए छह महीने हो गए हैं।
इस मामले में अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र लिखा था, जिसे अदालत ने जनहित याचिका के तौर पर स्वीकार कर सुनवाई शुरू की। इसके बाद वाराणसी के एसएसपी पाठक ने कोर्ट को बताया कि लापता छात्र का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है।
पुलिस उसका पता लगाने के लिए ईमानदारी से प्रयास कर रही है। वहीं, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की गई है।