1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बड़वानी: रोशनी कॉलोनी के 50 से ज्यादा परिवार 10 साल से मूलभूत सुविधाओं के इंतजार में, कलेक्टर से लगाई गुहार

बड़वानी: रोशनी कॉलोनी के 50 से ज्यादा परिवार 10 साल से मूलभूत सुविधाओं के इंतजार में, कलेक्टर से लगाई गुहार

बड़वानी के निवाली की रोशनी कॉलोनी के रहवासियों ने कलेक्टर जनसुनवाई में सड़क, नाली, बिजली पोल और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। रहवासियों का दावा है कि 50 से अधिक परिवार वर्षों से सुविधाओं की कमी से परेशान हैं। साथ ही दुर्गा कॉलोनी का गंदा पानी यहां छोड़े जाने से जलभराव और बीमारी के खतरे की शिकायत की गई है।

By: Nivedita 
Updated:
बड़वानी: रोशनी कॉलोनी के 50 से ज्यादा परिवार 10 साल से मूलभूत सुविधाओं के इंतजार में, कलेक्टर से लगाई गुहार

बड़वानी :  कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान निवाली के वार्ड क्रमांक 06 स्थित रोशनी कॉलोनी का मामला सामने आया। कॉलोनी के रहवासियों ने सड़क, नाली, बिजली के पोल, पेयजल और गंदे पानी की निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।

10 साल से रह रहे परिवार, सुविधाओं का इंतजार

कॉलोनी निवासी शिवराम मोरे के मुताबिक, रोशनी कॉलोनी की स्थापना वर्ष 2006 में हुई थी और कई परिवार वर्ष 2014 से यहां रह रहे हैं। पहले यह क्षेत्र ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता था, जबकि वर्ष 2019 में निवाली नगर परिषद में शामिल किया गया। रहवासियों का आरोप है कि नगर परिषद में शामिल होने के बावजूद कॉलोनी में अब तक मूलभूत सुविधाओं का पर्याप्त विकास नहीं हुआ है। रहवासियों के अनुसार कॉलोनी में करीब 30 से 32 मकान बन चुके हैं और 50 से अधिक परिवार निवास कर रहे हैं।

टैक्स वसूली पर उठाए सवाल

कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कुछ परिवारों से नगर परिषद की ओर से टैक्स लिया जा रहा है, लेकिन सड़क, नाली और अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।शिवराम मोरे के अनुसार, कॉलोनाइजर से भी कई बार सुविधाओं को लेकर संपर्क किया गया, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। रहवासियों का दावा है कि प्लॉट बेचते समय खेल मैदान, मंदिर, पेयजल, सड़क और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई थी।

 

बिजली कनेक्शन के बावजूद नए पोल नहीं लगाने का आरोप

रहवासियों का कहना है कि बिजली विभाग की ओर से कनेक्शन और बिजली बिल तो जारी किए जा रहे हैं, लेकिन नए बिजली पोल लगाने के मामले में कॉलोनी को लेकर आपत्ति जताई जा रही है। वहीं, नगर परिषद की ओर से कथित तौर पर यह कहा गया कि कॉलोनाइजर ने अभी तक कॉलोनी को विधिवत हैंडओवर नहीं किया है। इस स्थिति के कारण रहवासियों को विभागीय स्तर पर समाधान नहीं मिल पा रहा है।

दुर्गा कॉलोनी के गंदे पानी से परेशानी का दावा

रोशनी कॉलोनी के रहवासियों ने एक अन्य गंभीर समस्या भी बताई। उनका आरोप है कि दुर्गा कॉलोनी का गंदा पानी रोशनी कॉलोनी की ओर छोड़ा जा रहा है। इससे क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की स्थिति बनने के साथ मच्छरों की समस्या बढ़ रही है। रहवासियों ने आशंका जताई कि लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

कलेक्टर से स्थायी समाधान की मांग

कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मामले की जांच कर सड़क, नाली, बिजली के पोल और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही दुर्गा कॉलोनी से आने वाले गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की भी मांग रखी गई। रहवासियों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें कलेक्टर की जनसुनवाई में अपनी बात रखनी पड़ी।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...