बड़वानी जिले के राजपुर क्षेत्र में नकली डीएपी खाद बेचने और शिकायत करने पर किसान को धमकाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है और किसान संगठनों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मोयदा निवासी किसान गोपाल भायल ने 15 मई को राजपुर स्थित वंदना फर्टिलाइजर से डीएपी खाद खरीदी थी। घर पर बोरी खोलने के बाद खाद की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद मामले की शिकायत किसान संघ के पदाधिकारियों को दी गई।
मामला कृषि विभाग तक पहुंचने के बाद टीम ने दुकान से खाद के सैंपल लिए। आरोप है कि इससे नाराज व्यापारी ने किसान संघ के पूर्व तहसील अध्यक्ष दिनेश राठौर के घर पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उनके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार और जबरन वाहन में बैठाने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है।
घटना से आक्रोशित भारतीय किसान संघ ने तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपी व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने व्यापारी का लाइसेंस रद्द करने की भी मांग उठाई है।
किसान संघ ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।
फिलहाल मामला जुलवानिया थाने में दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आधार पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।