1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. विधानसभा कूच कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं पर बर्बर लाठीचार्ज, एक कार्यकर्ता की मौत

विधानसभा कूच कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं पर बर्बर लाठीचार्ज, एक कार्यकर्ता की मौत

नीतीश सरकार के खिलाफ बिहार विधानसभा मार्च कर रहे बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस पिटाई में कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए। पिटाई से जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय सिंह की मौत हो गई। पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। जब वे नहीं माने तो पहले वाटर कैनन से पानी की बौछार की और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

पटनाः नीतीश सरकार के खिलाफ बिहार विधानसभा मार्च कर रहे बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस पिटाई में कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए। पिटाई से जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय सिंह की मौत हो गई। पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। जब वे नहीं माने तो पहले वाटर कैनन से पानी की बौछार की और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस बीच बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी की।

पुलिस ने महाराजगंज सांसद जनार्दन सिग्रीवाल को भी लाठियों से पीटा और धक्का दे दिया। जिससे सांसद घायल हो गए। उनके सिर और चेहरे पर चोट आई है। प्रदर्शन में शामिल बिहार बीजेपी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी और पुलिस के बीच जमकर धक्कामुक्की की गई। विधानसभा संयोजक डॉ. संजय मिश्रा की डंडों से पिटाई की और उनका कुर्ता फाड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने सम्राट चौधरी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। इस मामले पर पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने कहा कि जहानाबाद के महामंत्री विजय कुमार सिंह को पुलिस ने बुरी तरह से पीटा गया। उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। उनको नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। उन्हें वहां से गंभीर हालत में पीएमसीएच ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। उन्होंने बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं को भी पीटने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि विजय कुमार छज्जूबाग में बेहोशी की हालत में मिले थे। उनके शरीर पर कहीं बाहरी चोट के निशान नहीं थे। दरअसल बिहार में शिक्षकों की नियुक्ति और तेजस्वी यादव को बर्खास्त करने की मांग को लेकर बीजेपी ने गांधी मैदान से विधानसभा तक मार्च शुरू किया। जिन्हें डाक बंगला पहुंचने से पहले ही पुलिस ने रोकने की कोशिश की। लेकिन पुलिस और बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने तीखी नोकझोंक हो गई। इसके बाद पुलिस ने बीजेपी के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया।

बता दें कि बीजेपी ने बिहार में 10 लाख नौकरियों का हिसाब मांगा। एक प्रेस नोट के जरिए सरकार से सवाल किया गया है कि अभी तक कितनी नियुक्तियां हुई और कितनी प्रोसेस में है। पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि विपक्ष सरकार से लगातार सवाल कर रहा है, लेकिन पिछले तीन दिनों से विधानसभा में सरकार जवाब नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि उल्टे सरकार नियोजित शिक्षकों से परीक्षा देने को कह रही है, जिन्हें 42 हजार रुपए मिल रहे हैं। पूर्व डिप्टी सीएम का कहना है कि शिक्षकों पर प्रेशर डाला जा रहा है, ताकि वे लोग 28 हजार में नौकरी करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5 लाख 70 हजार नियोजित शिक्षक हैं, जिन्हें सरकार वेतन नहीं दे रही। राज्य कर्मी का दर्जा नहीं दे रही है। हम लोग सरकार से जवाब मांग रहे हैं, लेकिन सरकार जवाब देना नहीं चाहती है। उन्होंने कहा कि यह कभी नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री इतने लाचार हो जाएंगे। मोदी ने कहा कि सीएम अपने उप मुख्यमंत्री से इस्तीफा ले और स्वच्छता का प्रमाण दें। सुशील मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विजय सिंह की निर्मम-निर्लज्ज हत्या का हिसाब बिहार की जनता लेगी। बिहार को लोकतंत्र की जननी कहा जाता है और आज इसी पवित्र धरती पर नीतीश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...