बदायूं : सहसवान क्षेत्र के गांव भवानीपुर खल्ली में तब्लीगियों की जानकारी छिपाने वाले खल्ली और भवानीपुर खैरू की प्रधानों के पति पर तीसरे दिन एफआइआर की गई। बतादें कि, दो दिन तक पुलिस प्रशासन तब्लीगियों की सूचना छिपाने वालों पर कार्रवाई से बचता रहा, तीसरे दिन देर शाम डीएम कुमार प्रशांत की सख्ती के बाद दोनों गांवों के सचिवों ने सहसवान पुलिस को तहरीर दी।
आपको बतादें कि, भवानीपुर खल्ली की मस्जिद में मिले तब्लीगी के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद डीएम कुमार प्रशांत और एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी जब गांव पहुंचे थे तो जानकारी छिपाने के मामले में मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाए जाने की बात की थी। लेकिन किसी दबाव के चलते उन दोनों पर तीसरे दिन शाम तक भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इससे पुलिस प्रशासन पर तमाम सवाल खड़े होने लगे। कहा गया था कि दोनों के खिलाफ तब्लीगियों की सूचना छिपाने पर मुकदमा दर्ज कर उनके खिलाफ राष्ट्रद्रोह के तहत कार्रवाई की जाए। उस दिन शाम तक रासुका की बात चलती रही, लेकिन उसी दिन देर शाम के बाद प्रशासनिक अमला बैकफुट पर आ गया। कार्रवाई नहीं की गई। इससे पूरे सिस्टम पर ही सवाल उठ रहे थे।
वहीं, भवानीपुर खल्ली और भवानीपुर खैरू में तब्लीगियों की जानकारी छिपाने पर दोनों गांवों की प्रधानों की पॉवर सीज की जा चुकी है। दोनों गांवों के प्रधानपतियों के खिलाफ एफआइआर करा दी गई है।