बकरा ईद के मौके पर प्रशासन द्वारा कई शर्तों के साथ कुर्बानी की अनुमति दी गई तो पशु तस्करों ने इसका भी तोड़ निकाल लिया।
भावनपुर पुलिस ने ऐसे ही सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए डाक-पार्सल ट्रक में भूसे की तरह ठूंसकर भरे गए 11 पशुओं को बंधनमुक्त कराया है। इसी के साथ आरोपी चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी भावनपुर रघूराज सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर को एक सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने अब्दुल्लापुर बस अड्डे पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने एक बड़े ट्रक को पकड़ा, जिसके ऊपर डाक-पार्सल लिखा हुआ था।
ट्रक को खुलवाकर देखा गया तो उसके अंदर भूसे की तरह ठूंसकर 11 भैंस और कटरे भरे हुए थे। जिसके बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
पशुओं को बंधनमुक्त कराते हुए फिलहाल थाना परिसर में बांधा गया है। पूछताछ के दौरान ट्रक चालक ने अपना नाम सहारनपुर के गंगोह कस्बा निवासी मुस्तकीम बताया है।
चालक ने बताया कि वह यह पशु पंजाब के भटिंडा से मेरठ में बेचने के लिए लाया था। थाना प्रभारी भावनपुर के मुताबिक आरोपी चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करते हुए ट्रक को सीज कर दिया गया है।