रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने कोरोना महामारी के वैक्सीन की पहली डोज ली है। आपको बता दें कि पीएम मोदी ने दिल्ली के एम्स जाकर वैक्सीन की पहले डोज लगवाई है। जिसके बाद टीकाकरण का यह अभियान और तेज हो गया। सोमवार से दूसरे चरण का कोरोना वैक्सीनेशन का अभियान शुरु हुआ है। इस चरण में 60 साल से ऊपर के बुजुर्ग और 45 साल से ऊपर के वैसे आमलोग भी टीका लगवा सकेंगे जो गंभीर रूप से बीमार हैं। इसी बीच हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ट्वीटकर कहा कि वह टीका नहीं लगवाएंगे। उन्होंने इसका कारण भी बताया है। इसके साथ ही विज ने लोगों से बढ़ चढ़कर टीका लगवाने की अपील की है।
आज आम जनता के लिए कोरोना वैक्सीन शुरू होने जा रही है । सब को निस्संकोच लगवानी चाहिए । मैं तो नही लगवा पाऊंगा क्योंकि कोविड होने के बाद मेरी एंटीबाडी 300 बनी है जोकि बहुत ज्यादा है । शायद मैंने जो ट्रायल वैक्सीन लगवाई थी इसमे उसका भी योगदान हो । मुझे अभी वैक्सीन की जरूरत नही है ।
— ANIL VIJ MINISTER HARYANA (@anilvijminister) March 1, 2021
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री विज ने कहा कि “आज आम जनता के लिए कोरोना वैक्सीन शुरू होने जा रही है। सब को निस्संकोच लगवानी चाहिए। मैं तो नही लगवा पाऊंगा क्योंकि कोविड होने के बाद मेरी एंटीबाडी 300 बनी है जोकि बहुत ज्यादा है। शायद मैंने जो ट्रायल वैक्सीन लगवाई थी इसमे उसका भी योगदान हो। मुझे अभी वैक्सीन की जरूरत नही है”।
आपको बता दें कि अनिल विज ने कोरोना की ट्रॉयल वैक्सीन लगवाई थी। जिसके बाद वो कोविड पॉजिटिव हो गये थे। आपको बता दें कि विज ने भारत बॉयोटेक के तीसरे चरण के परीक्षण के दौरान ट्रॉयल डोज लगवाया था। जिसके बाद उन्होने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि “मैं कोरोना पॉजीटिव पाया गया हूं, इस समय अंबाला के कैंट अस्पताल में भर्ती हूं, जो भी लोग मेरे संपर्क में आए हैं, उन्हें मेरी सलाह है कि वह अपना कोरोना टेस्ट करा लें।“
अगर आप कोविड की वैक्सीन निजी अस्पताल में लगवायेंगे तो आपको प्रति खुराक 250 रुपये देने पड़ेंगे। आपको बता दें कि टीकाकरण का दूसरा चरण छह सप्ताह चलेगा।