टीकमगढ़ जिले के पलेरा नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे मंदिर निर्माण कार्यों में अनियमितता और गुणवत्ता को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। वार्ड क्रमांक 5 स्थित किले के हनुमान जी मंदिर और वार्ड क्रमांक 12 स्थित सब्जी मंडी कुटी धाम मंदिर के निर्माण कार्यों पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं।
वार्डवासियों, नगरवासियों और विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कलेक्टर टीकमगढ़ के नाम आवेदन सौंपकर मामले की जांच की मांग की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है और मनमाने तरीके से कार्य कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार सुधार के निर्देश देने के बावजूद निर्माण कार्य में कोई सुधार नहीं किया गया। साथ ही ठेकेदार द्वारा कथित रूप से अभद्र टिप्पणी और अधिकारियों के प्रभाव की बात कहने पर लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है।
आवेदनकर्ताओं ने मांग की है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच के लिए एक तकनीकी टीम गठित की जाए और जांच पूरी होने तक कार्य को रोका जाए। उनका कहना है कि जांच में गुणवत्ता सही पाए जाने के बाद ही आगे निर्माण कार्य जारी किया जाए।

वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने भी निर्माण कार्यों में कथित कमीशनखोरी और लापरवाही के आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।