1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में कैमरा मिलने का आरोप, वार्डन पर FIR

गोरखपुर गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में कैमरा मिलने का आरोप, वार्डन पर FIR

गोरखपुर के मोहद्दीपुर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में कैमरा ऑन मोबाइल मिलने के बाद छात्राओं ने पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि मोबाइल में बाथरूम से जुड़े वीडियो मिले। कैंट पुलिस ने वार्डन के खिलाफ FIR दर्ज कर मोबाइल को कब्जे में लिया है। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने में जुटी है।

By: Nivedita 
Updated:
गोरखपुर गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में कैमरा मिलने का आरोप, वार्डन पर FIR

गोरखपुर:  कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं की निजता से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि हॉस्टल के बाथरूम में कैमरा ऑन किया हुआ मोबाइल छिपाकर रखा गया था। मोबाइल मिलने के बाद छात्राओं ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हॉस्टल की वार्डन के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाथरूम में मिला कैमरा ऑन मोबाइल

मामला मोहद्दीपुर स्थित उत्तम गर्ल्स हॉस्टल का बताया जा रहा है। हॉस्टल में करीब 20 कमरों में 26 छात्राएं रहती हैं, जिनमें कॉलेज की छात्राओं के अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली छात्राएं भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, 8 सितंबर की रात एक छात्रा बाथरूम पहुंची तो उसकी नजर टीन शेड में रखे एक एंड्रॉयड मोबाइल पर पड़ी। आरोप है कि मोबाइल का कैमरा चालू था और उसका रुख टॉयलेट की ओर था। छात्रा ने मोबाइल को देखा और इसकी जानकारी अन्य छात्राओं को दी।

मोबाइल की जांच के बाद मचा हंगामा

छात्राओं ने मोबाइल की जांच की तो उसमें बाथरूम से संबंधित कुछ वीडियो मिलने का आरोप सामने आया। इसके बाद हॉस्टल में हंगामा हो गया और छात्राओं ने पुलिस को सूचना दी। रात करीब 12 बजे डायल-112 की टीम और कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मोबाइल को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

वार्डन ने बताई अलग वजह

पुलिस की पूछताछ में वार्डन की ओर से बताया गया कि छात्राएं सैनिटरी पैड इधर-उधर फेंक देती थीं। इसी समस्या का पता लगाने के लिए मोबाइल को रिकॉर्डिंग मोड में बाथरूम में रखा गया था। वार्डन ने किसी गलत उद्देश्य से छात्राओं की रिकॉर्डिंग करने के आरोप से इनकार किया है। वहीं, छात्राओं ने इस घटना को अपनी निजता का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

 

वार्डन के खिलाफ दर्ज हुई FIR

एसपी सिटी निमिष पाटिल के मुताबिक, छात्राओं की शिकायत के आधार पर कैंट थाने में वार्डन आरती सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शिकायत में बाथरूम में मोबाइल कैमरे के माध्यम से छात्राओं की रिकॉर्डिंग किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस अब मोबाइल और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

डिजिटल जांच से खुलेगा पूरा मामला

जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोबाइल कितने समय तक बाथरूम में रखा गया था, उसमें कितनी रिकॉर्डिंग मौजूद हैं और रिकॉर्ड किए गए वीडियो का कहीं इस्तेमाल या प्रसारण तो नहीं किया गया।फिलहाल मोबाइल पुलिस के कब्जे में है और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा और निजता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल जैसे स्थान पर इस तरह की घटना से उनमें असुरक्षा की भावना पैदा हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मोबाइल किस उद्देश्य से रखा गया था और उसमें मौजूद रिकॉर्डिंग से जुड़े आरोपों की वास्तविकता क्या है।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...