अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए कहा, जब नौजवानों की आवाज़ पर भी मुकदमा चलाया जाएगा, समझो आ गया है वक़्त वो जब हुक्मरानों को बदला जाएगा।
इससे पहले अखिलेश यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा पर बेईमानी का आरोप लगाया था। अखिलेश ने कहा कि लोकतंत्र में भरोसा करने वाले इन नतीजों से दुखी हैं।
जब ‘नौजवानों की आवाज़’ पर भी मुक़दमा चलाया जाएगा,
समझो आ गया है वक़्त वो जब हुक्मरानों को बदला जाएगा।— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 13, 2020
यूपी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत पर अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए बड़े से निचले स्तर के अधिकारियों का इस्तेमाल किया।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि बीजेपी सरकार ने उपचुनाव में धांधली की है। अखिलेश ने कहा, कोरोना की वैक्सीन तो जल्द आएगी ही, भाजपा के खिलाफ भी वैक्सीन आने वाली है। ऐसा चुनाव मैंने कभी नहीं देखा। तेजस्वी जीतते-जीतते रह गए।
मल्हनी जौनपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल करने वाले लकी यादव ने शुक्रवार को अखिलेश यादव से मुलाकात की। अखिलेश ने दावा किया कि वे 2022 के चुनाव में ज्यादा मतों से विजयी होंगे।
साथ ही जौनपुर मल्हनी क्षेत्र के मतदाताओं को धन्यवाद दिया। बता दें, लकी यादव, पारसनाथ यादव के पुत्र हैं। पारसनाथ जौनपुर जनपद के कद्दावर समाजवादी नेता थे। वे राज्य विधानसभा के 7 बार विधायक, 3 बार मंत्री और दो बार लोकसभा सांसद रहे थे। लकी यादव ने बाहुबली धनंजय सिंह को हराया है।