रिपोर्ट: सत्यम दुबे
आगरा: जिले में कोरोना के कारण फीस जमा न होने पर स्कूल, छात्रों को ऑनलाइन कक्षाओं से बाहर नहीं निकालेंगे। इसके साथ ही छात्रों को परिक्षा में भी शामिल करेंगे और रिजल्ट भी देखने देंगे। इसके लिए अभिभावकों को जल्दी से जल्दी पिछले एक साल की फीस के बजाय, एक तिमाही की फीस जमा करानी होगी। इसके बाद ही उनके बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित किया जायेगा।
आपको बता दें कि यह निर्णय सोमवार को ADM सिटी डा. प्रभाकांत अवस्थी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। ADM सिटी ने स्कूल संचालकों व अभिभावकों के साथ बैठक कर फीस को लेकर चल रहे रार का समाधान निकालने की कोशिश की है।
इस दौरान नेशनल प्रोग्रेसिव स्कूल आफ आगरा (नप्सा) के अध्यक्ष संजय तोमर ने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने पिछले सत्र से अब तक फीस नहीं दी, न ही स्कूल से संपर्क किया, हम कैसे पुष्टि करें कि वह हमारे विद्यार्थी हैं या नहीं। इस पर ADM सिटी ने तय किया कि अब तक फीस जमा न करने वाले अभिभावक तत्काल एक तिमाही की फीस जमा कराएं। उन पर एकमुश्त फीस जमा करने का दबाव न पड़े, इसलिए आगामी फीस जमा करने को स्कूल प्रबंधन समय देंगे।
इसके बाद उन्होने निर्देश दिया कि आर्थिक समस्या होने पर भी स्कूल प्रबंधन से प्रार्थना कर सकेंगे। शासनादेश और शिक्षा कानून के अंतर पर शासन से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। यदि फीस में छूट का प्रावधान होगा, तो स्कूलों द्वारा छूट दी जाएगी।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि अभिभावकों और स्कूलों के बीच में चल रहे तनाव को कम करने के लिए उच्च प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर एक शिकायत प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा। यदि कोई स्कूल इसके विपरीत कार्य करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जबकि टीम पापा के राष्ट्रीय संयोजक दीपक सरीन ने कहा कि बैठक में तय होने के बाद भी यदि अभिभावकों को प्रधानाचार्य से नहीं मिलने दिया गया, तो टीम पापा अभिभावकों की मदद के लिए उस स्कूल के बाहर कैंप लगा कर उनकी समस्या हर कराएगी। ADM की अध्यक्षता में इस बैठक में डा. सुशील गुप्ता, डा. गिरधर शर्मा, फादर एंड्रयू मैथ्यू कोरेया, राजपाल सोलंकी, राजू डेनियल आदि मौजूद रहे।