रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ रहे कोराना महामारी के कारण दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने सोमवार को सख्त 6 दिनों का लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया। दिल्ली सरकार द्वारा लिए गये निर्णय का असर दिखने लगा है, सरकार के फैसले के बाद दिल्ली में स्कूलों की छुट्टियां रीशेड्यूल कर दी गई हैं। दिल्ली सरकार की ओर से सोमवार को इस संबंध में निर्देश जारी किया गया है।

सरकार द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक 20 अप्रैल मंगलवार से ही दिल्ली में गर्मी की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। ये छुट्टियां 9 जून तक चलेंगी। सरकार ने ये निर्देश साल 2021-22 शैक्षणिक सत्र के लिए जारी किया है। दिल्ली सरकार के डायरेक्टरेट ऑफ एजुकेशन (स्कूल ब्रांच) की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, अकैडमिक सेशन 2021-22 के लिए जो समर वैकेशन 11 मई 2021 से शुरू होने वाला था और 30 जून 2021 को खत्म होने वाला था, उसे रीशेड्यूल किया गया है।
कोरोना महामारी की मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस सत्र के लिए गर्मी की छुट्टियां कल यानी कि मंगलवार (20 अप्रैल 2021) से ही शुरू हो जाएंगी। ये छुट्टियां 9 जून 2021 (बुधवार) तक चलेंगी। हालांकि जरूरत होने पर स्कूल टीचर और स्टाफ को कोविड नियमो का पालन करते हुये बुला सकेंगे ।
नये मामलों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में 23686 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 240 लोगो ने अपनी जान गंवा दी है। आपको बता दें कि दिल्ली में कोरोना से इतनी मौतें एक दिन में कभी नहीं हुई थीं। वहीं दिल्ली में 76887 एक्टिव केस हैं। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 26 फीसदी से ज्यादा है।
दिल्ली की हालत ऑक्सीजन की कमीं के कारण खराब हुई है। दिल्ली सरकार ने ऑक्सीजन ऑडिट कमेटी गठित की है। दिल्ली सरकार के 12 अस्पतालों में दो-दो सदस्यीय ऑक्सीजन ऑडिट कमेटी बनाई गई है। इस कमेटी में विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हैं। ये सभी हर दिन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन और सिलेंडर ऑक्सीजन दोनों के स्टॉक और इस्तेमाल का डाटा तैयार करेंगे। इनकी जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना भी होगी कि ऑक्सीजन का इस्तेमाल कोविड प्रोटोकॉल और संतुलित तरीके से हो रहा है।