1. हिन्दी समाचार
  2. विदेश
  3. तालिबान के बढ़ते प्रसार के बीच अफगानी राष्ट्रपति गनी का संबोधन, कहा- हमारा देश खतरे में है

तालिबान के बढ़ते प्रसार के बीच अफगानी राष्ट्रपति गनी का संबोधन, कहा- हमारा देश खतरे में है

तालिबान के बढ़ते प्रसार के बीच अफगानी राष्ट्रपति अशरफ गनी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अफगानिस्तान में हालात बेहद खराब हैं। गनी ने कहा कि हमारा देश खतरे में है। टोलो न्यूज़ के मुताबिक राष्ट्रपति ने कहा कि मौजूदा स्थिति में, अफगान सुरक्षा और रक्षा बलों को फिर से संगठित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

By: Amit ranjan 
Updated:
तालिबान के बढ़ते प्रसार के बीच अफगानी राष्ट्रपति गनी का संबोधन, कहा- हमारा देश खतरे में है

नई दिल्ली : तालिबान के बढ़ते प्रसार के बीच अफगानी राष्ट्रपति अशरफ गनी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अफगानिस्तान में हालात बेहद खराब हैं। गनी ने कहा कि हमारा देश खतरे में है। टोलो न्यूज़ के मुताबिक राष्ट्रपति ने कहा कि मौजूदा स्थिति में, अफगान सुरक्षा और रक्षा बलों को फिर से संगठित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अशरफ गनी ने कहा कि, “मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके राष्ट्रपति के रूप में मेरा ध्यान हिंसा और लोगों के विस्थापन को रोकने पर है। मैं और हत्याओं के लिए अफ़गानों पर थोपे गए युद्ध की अनुमति नहीं दूंगा। मैं सार्वजनिक संपत्ति की बर्बादी की इजाजत नहीं दूंगा।”

आपको बता दें कि अफगानिस्तान के दूसरे और तीसरे सबसे बड़े शहर कंधार और हेरात पर तालिबान कब्जा कर चुका है। इन शहरों पर तालिबान के कब्जे से स्थानीय नागरिक काफी आक्रोशित है। हेरात और कंधार के निवासियों का कहना है कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि अफगानिस्तान के दो सबसे बड़े शहरों पर तालिबान के हफ्तों लंबे प्रयासों के बाद सरकार इतनी जल्दी घुटने टेक देगी। कंधार की रहने वाली एक महिला ने अल जजीरा से कहा कि, ‘कोई सरकारी विरोध नहीं था, उन्होंने वाकई हमें बेच दिया।’

तालिबान को सौंप रही सरकार

महिला ने कहा कि, ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि कंधार इतनी आसानी से हार जाएगा।’ ऐसा ही कुछ मानना है पश्चिमी शहर हेरात में ‘विद्रोही बल’ के रूप में जाने जाने वाले एक स्थानीय तालिबान विरोधी मिलिशिया के समर्थक का। आरोप लगाते हुए समर्थक ने कहा, ‘सच तो यह है कि इन सभी जगहों को सौंप दिया जा रहा है। देखिएगा, काबुल और मजार-ए-शरीफ अगला टारगेट होगा।’ अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार तालिबान ने छह अगस्त से अब तक अफगानिस्तान की 34 प्रांतीय राजधानियों में से 18 पर कब्जा कर लिया है।

दो बड़े शहर तालिबान के कब्जे में

तालिबान के पहली प्रांतीय राजधानी पर कब्जा करने के बाद से राष्ट्रपति अशरफ गनी सहित किसी भी सरकारी अधिकारी ने सार्वजनकि रूप से एक भी प्रांत के खोने की बात स्वीकार नहीं की है। गुरुवार को एक के बाद एक तालिबान ने देश के दूसरे और तीसरे सबसे शहर कंधार और हेरात पर कब्जा कर लिया। कई लोग इसे काबुल सरकार और तालिबान के बीच जारी हिंसक लड़ाई में एक अहम मोड़ मान रहे हैं।

गिर सकती है अफगान सरकार

काबुल में रहने वाले हेरात के एक सरकारी कर्मचारी ने कहा, ‘मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि यह कैसे हुआ?’ वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान पर करीबी नजर रखने वाले अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी सेना ने अब आंकलन किया है कि अगले 90 दिनों के भीतर अफगानिस्तान की सरकार का पतन हो सकता है। हालांकि, दूसरे अधिकारी ने दावा किया है कि तालिबान यह काम मात्र 30 दिनों के अंदर कर सकता है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...