जबलपुरः लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बरगी बांध में क्रूज पलटने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहने यादव के निर्देश पर श्री सिंह डुमना एयरपोर्ट से सीधे मौके पर पहुँचे तथा राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया। श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। श्री सिंह ने बताया कि क्रूज में 29 यात्री सवार थे, जिनमें से 15 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 4 मृतकों के शव बरामद किए गए हैं। शेष की तलाश का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
श्री सिंह ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्य पूर्ण होने के पश्चात घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी। उन्होंने सुरक्षित बचाये गये यात्रियों के समुचित उपचार के निर्देश दिये। इस दौरान श्री सिंह के साथ सांसद आशीष दुबे, विधायक नीरज सिंह, विधायक संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया भी मौके पर मौजूद रहीं।