जबलपुर में गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया। जब तेज आंधी तूफान के चलते बरगी डैम में क्रूज पलट गया। अभी तक की जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है।बताया जा रहा है कि इस क्रूज में 29 लोग सवार थे। फिलहाल रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद है। 4 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।

जबलपुर के कलेक्टर ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बरगी बांध में क्रूज में कुल 29 यात्रियों के टिकट जारी किए गए थे। इनमें से 15 व्यक्तियों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 4 व्यक्तियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। शेष व्यक्तियों की तलाश एवं बचाव कार्य जारी है। यहां क्रूज का संचालन पर्यटन विभाग द्वारा किया जाता है। हादसे की जानकारी मिलते ही मंत्री राकेश सिंह घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को मौसम बदलने के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक बरगी डैम पहुंचे थे। क्रूज बरगी बांध के खमरिया टापू के पास था इसी दौरान तेज आंधी चलने लगी। आंधी के कारण उठी लहरों से क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया।
NDRF और SDRF की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हालांकि अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू करने में मुश्किलें आ रही हैं। नाव और गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग डैम के किनारे पहुंच गए हैं। लोगों को संभालने के लिए पुलिस की टीम तैनात की गई है।
जबलपुर से संवाददाता दिनेश चौधरी की रिपोर्ट