ड्रग्स के एक मामले में आज अभिनेता अर्जुन रामपाल की दूसरी बार पेशी है। उन्हें सुबह 11,30 बजे तक NCB ऑफिस में पहुंचने को कहा गया है। इससे पहले 13 नवंबर को NCB ने उनसे 7 घंटे पूछताछ की थी। रामपाल के घर से जब्त इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस की रिपोर्ट आने के बाद NCB ने उन्हें तलब किया है।
13 नवंबर को पूछताछ के बाद बाहर निकले अर्जुन रामपाल ने NCB की हर जांच में सहयोग करने की बात कही थी। इससे पहले NCB ने रामपाल के घर पर 9 नवंबर को छापा मारा था।
इसके बाद 11 और 12 नवंबर को उनकी गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रियाडेस से पूछताछ की थी। जांच एजेंसी रामपाल के ड्राइवर को भी हिरासत में लेकर कई घंटे पूछताछ कर चुकी है।
बता दे, जून में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद एनसीबी ने ड्रग्स संबंधी व्हाट्सएप चैट के आधार पर बॉलीवुड में ड्रग्स पदार्थों के कथित उपयोग की जांच शुरू की।
केन्द्रीय एजेंसी ने इससे पहले राजपूत की प्रेमिका अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शौविक, दिवंगत अभिनेता के कुछ कर्मचारियों और कुछ अन्य लोगों को एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था। रिया चक्रवर्ती और कुछ अन्य आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।