रिपोर्ट: सत्यम दुबे
कोलकाता: विधान सभा चुनाव खत्म होने के बाद भी पश्चिम बंगाल लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी एक बार फिर बंगाल की गद्दी पर बैठ गईं हैं। वहीं उनकी पार्टी TMC में उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी का कद और बढ़ा दिया गया। अभिषेक बनर्जी TMC के राष्ट्रीय महासचिव बन गये हैं। अभिषेक युवा विंग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।
बंगाल विधान सभा चुनाव के दौरान अभिषेक बनर्जी को लेकर ममता बनर्जी पर लगातार परिवारवाद का आरोप लगाया गया था। चुनाव के दौरान अभिषेक बनर्जी कई मामलों में घिरे, बावजूद इसके विधान सभा चुनाव जीतने के बाद TMC में अभिषेक बनर्जी का कद बढ़ाया गया है। अभिषेक बनर्जी अभी तक TMC के यूथ विंग के अध्यक्ष थे, अब उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। TMC के यूथ विंग की नई अध्यक्ष सयोनी घोष होंगी।
वहीं TMC नेता पार्थ चटर्जी ने कहा, पार्टी में एक नेता, एक पद की व्यवस्था है। इसी के तहत अभिषेक बनर्जी ने यूथ विंग के अध्य पद से इस्तीफा दिया है, राष्ट्रीय महासचिव पद पर ‘प्रमोशन’ किया गया है। काकोली घोष दस्तीदार को महिला मोर्चा की अध्यक्ष बनाया गया है। पूर्णेंदु बसु खेत मजदूर प्रकोष्ठ के अध्यक्ष हैं।
इसके साथ ही पार्थ चटर्जी ने आगे कहा, पार्टी अब अन्य राज्यों में भी अपना दायरा बढ़ाएगी। चुनाव से पहले TMC छोड़ कर गए नेताओं की वापसी पर चटर्जी ने कहा, जो नेता वापसी करना चाहते हैं उन पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
कोरोना वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर केंद्र पर निशाना साध रही TMC ने एक बार फिर केंद्र से सभी के लिए फ्री वैक्सीन की मांग की। इसके साथ ही कहा कि वैक्सीन की खरीद पर GST माफ होनी चाहिए।