उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान किए गए खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच के बाद आयोजन से जुड़े शोएब खान, वाहन पर चढ़कर झंडा फहराने वाले जाहिद खान और तस्लीम खान के साथ जेसीबी मालिक गोपाल माली को नामजद आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वायरल वीडियो में कुछ लोग वाहन पर चढ़कर प्रदर्शन करते दिखाई दिए, जबकि आतिशबाजी जैसी गतिविधियां भी नजर आईं। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वाहन के भीतर मल्टी-शॉट रॉकेट चलाए गए थे, जिससे गैस का दबाव बढ़ने पर कांच टूट गया और ब्लास्ट जैसी स्थिति बन गई।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बड़नगर, नागदा, महिदपुर और खाचरौद सहित संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। साथ ही असामाजिक तत्वों, गुंडे-बदमाशों और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच में यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।