1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उत्तर प्रदेश के बस्ती में भीषण सड़क हादसा, सड़क किनारे खड़ी कंटेनर में घुसी कार, 5 लोगों की मौत, दो घायल

उत्तर प्रदेश के बस्ती में भीषण सड़क हादसा, सड़क किनारे खड़ी कंटेनर में घुसी कार, 5 लोगों की मौत, दो घायल

उत्तर प्रदेश के बस्ती में एनएच-28 पर भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दो घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, लखनऊ की ओर से तेज रफ्तार आ रही कार नगर थाना क्षेत्र के कटया गांव के पास एक छोटे से होटल के निकट सड़क किनारे खड़ी कंटेनर में पीछे से टकरा गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। इसके अलावा कार में सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई।

By: Amit ranjan 
Updated:
उत्तर प्रदेश के बस्ती में भीषण सड़क हादसा, सड़क किनारे खड़ी कंटेनर में घुसी कार, 5 लोगों की मौत, दो घायल

बस्ती : उत्तर प्रदेश के बस्ती में एनएच-28 पर भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दो घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, लखनऊ की ओर से तेज रफ्तार आ रही कार नगर थाना क्षेत्र के कटया गांव के पास एक छोटे से होटल के निकट सड़क किनारे खड़ी कंटेनर में  पीछे से टकरा गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। इसके अलावा कार में सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई।

कार में 7 लोग थे सवार

हादसा इतना भीषण था कि गैस कटर से काटकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। कार में चालक सहित 7 लोग सवार थे। हादसे में 13 साल की अनम सुरक्षित बच गई है। वहीं चालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मूलरूप से बिहार राज्य के भागलपुर के रहने वाले 50 साल के अब्दुल अजीज लखनऊ के शारदा नगर में मकान बनाकर रहते थे। वे यहां प्रापर्टी डीलर का काम करते थे।

सास की मिट्टी में शामिल होने जा रहे थे ससुराल

झारखंड से एक दिन पहले उनकी सास की मौत होने की खबर आई थी। इसके बाद वह पूरे परिवार के साथ मिट्टी में शामिल होने झारखंड जा रहे थे। लखनऊ के शारदा नगर में रहकर ओला कैब चलाने वाले चालक अभिषेक कुमार के साथ गुरुवार को भोर में कार से लखनऊ से झारखंड जाने के लिए निकले, लेकिन नगर थाना क्षेत्र के कटया गांव के निकट एनएच-28 फोरलेन पर उनकी कार तेजी से एक खड़ी कंटेनर से टकरा गई।

इस हादसे में 50 साल के अब्दुल अजीज, उनकी पत्नी 45 साल की नरगिस तबस्सुम, पुत्री 18 वर्षीय एनम, 10 वर्षीय तिउरा, 6 वर्षीय सुबा की मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय पुत्री अनम सुरक्षित बच गई। पुलिस और एनएचआई कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सुरक्षित बची अनम ने बताया कि वह सभी अब्बू के साथ नानी की मय्यत में शामिल होने जा रहे थे।

सीएम योगी ने व्यक्त किया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बस्ती जिले में हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में घायलों का समुचित उपचार कराने तथा प्रभावित लोगों को हर संभव मदद और राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...