पन्ना। श्रावण मास के पावन सोमवार पर पन्ना जिले के प्रसिद्ध चौमुखनाथ महादेव धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर शिवभक्तों से खचाखच भरा रहा। दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का गंगाजल, दूध और पवित्र जल से जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, धतूरा, चंदन और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
चौमुखनाथ महादेव मंदिर अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। लगभग पांचवीं शताब्दी में निर्मित इस प्राचीन मंदिर के गर्भगृह में विराजमान दुर्लभ चारमुखी शिवलिंग श्रद्धालुओं की विशेष आस्था का केंद्र है। श्रावण मास में यहां जलाभिषेक का विशेष महत्व माना जाता है, जिसके कारण हर वर्ष बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

श्रावण सोमवार के अवसर पर मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। लंबी कतारों के बीच भक्तों ने शांतिपूर्वक भगवान शिव के दर्शन किए और प्रदेश, देश तथा समाज की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
चौमुखनाथ महादेव धाम केवल धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि पन्ना की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। श्रावण सोमवार पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर सनातन परंपरा और भगवान शिव के प्रति लोगों की अटूट आस्था को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।