1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. सीहोर में 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला पहुंची जनसुनवाई, बेटों से भरण-पोषण की लगाई गुहार

सीहोर में 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला पहुंची जनसुनवाई, बेटों से भरण-पोषण की लगाई गुहार

सीहोर जिले की 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला वक्ता बाई व्हील चेयर पर बैठकर जनसुनवाई में पहुंचीं और बेटों द्वारा देखभाल नहीं किए जाने की शिकायत की। महिला ने अपनी 15 एकड़ जमीन वापस दिलाने और भरण-पोषण की मांग की। अतिरिक्त कलेक्टर ने मामले में एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

By: Nivedita 
Updated:
सीहोर में 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला पहुंची जनसुनवाई, बेटों से भरण-पोषण की लगाई गुहार

सीहोर। जिले की जनसुनवाई में मंगलवार को एक 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला अपनी फरियाद लेकर पहुंचीं। रेहटी तहसील के ग्राम मोगरा निवासी वक्ता बाई व्हील चेयर पर बैठकर जनसुनवाई में पहुंचीं और अतिरिक्त कलेक्टर के सामने अपनी समस्या रखी।

जमीन बांटने के बाद बेटों पर अनदेखी का आरोप

बुजुर्ग महिला ने आवेदन के माध्यम से बताया कि पति के निधन के बाद उनके पास करीब 15 एकड़ जमीन थी, जिसे उन्होंने अपने तीनों बेटों के बीच बांट दिया था। जमीन के बंटवारे के समय बेटों ने उनकी देखभाल और भरण-पोषण के लिए हर महीने 10-10 हजार रुपये देने की बात कही थी। महिला का कहना है कि शुरुआत में बेटों ने कुछ समय तक उनकी देखभाल की, लेकिन बाद में उन्हें अकेला छोड़ दिया गया और उनकी आर्थिक जरूरतों की अनदेखी की जाने लगी।

 

भरण-पोषण और जमीन वापसी की मांग

जनसुनवाई में पहुंची बुजुर्ग महिला ने अब अपनी जमीन वापस दिलाने और भरण-पोषण की व्यवस्था कराने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है, ताकि जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें सहारा मिल सके।

SDM को दिए कार्रवाई के निर्देश

अतिरिक्त कलेक्टर ने बुजुर्ग महिला की समस्या को गंभीरता से सुना और उनकी परेशानी को देखते हुए संबंधित एसडीएम को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

रिपोर्ट – शरण तिवारी

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...