यूपी के चंदौली जिले में अपराधियो के हौसलों को पस्त करने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। गुरुवार की सुबह में बलुआ पुलिस क्षेत्र में जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक इनामी बदमाश बाइक से कही जा रहा है।
इस पर बलुआ थाने की पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश ने पुलिस की गाड़ी पर फायर कर दिया। पुलिस की गाड़ी पर कुल तीन गोलियां लगी। इसके बाद बदमाश कैली की ओर भागने लगा। सूचना पर अलीनगर थाने और मुगलसराय कोतवाली की पुलिस ने दूसरी तरफ से बदमाश को घेर लिया।
कैली के पास तीन थानों की फ़ोर्स ने बदमाश को घेर लिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस बदमाश को पकड़ लिया। इस दौरान एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी। पकड़े गए बदमाश की पहचान आशुतोष यादव उर्फ छिटकु के रूप में हुई।
सीओ सदर कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि बदमाश पर 50 हजार रुपये का इनाम था। जिले व बिहार में कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पकड़ा गया बदमाश चंदौली कोतवाली क्षेत्र के धूरीकोट में हुई हत्या में भी शामिल था।