उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर की भस्म आरती में वीआईपी और प्रोटोकॉल पासों की कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद गहरा गया है। इसी मुद्दे पर युवा कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रोटोकॉल पासों के आवंटन में गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे आम श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित हो रही है। संगठन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदारों पर एफआईआर और प्रोटोकॉल व्यवस्था की समीक्षा की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन सौंपकर मांग की कि भस्म आरती की पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या दलाली की संभावना समाप्त हो सके। साथ ही पिछले एक वर्ष में जारी सभी वीआईपी और प्रोटोकॉल पासों का ऑडिट कराने की बात भी कही गई।

युवा कांग्रेस ने प्रशासन को 15 दिनों का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि जांच शुरू नहीं की गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो महाकाल मंदिर के बाहर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।