1. हिन्दी समाचार
  2. Health
  3. World Cancer Day: कैंसर के आम लक्षण जिन्हें नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

World Cancer Day: कैंसर के आम लक्षण जिन्हें नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

कैंसर की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इसके शुरुआती लक्षण अक्सर हल्के होते हैं और लोग इन्हें सामान्य समस्या समझकर टाल देते हैं।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
World Cancer Day: कैंसर के आम लक्षण जिन्हें नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

हर साल 4 फरवरी को दुनियाभर में विश्व कैंसर दिवस (World Cancer Day) मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच व इलाज के महत्व को समझाना है। कैंसर एक ऐसी गंभीर बीमारी है, जो शुरुआती चरण में पकड़ में आ जाए तो काफी हद तक ठीक की जा सकती है, लेकिन लक्षणों को नजरअंदाज करने की वजह से भारत में आज भी अधिकतर मामले एडवांस स्टेज में सामने आते हैं।

क्यों जरूरी है कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान

कैंसर की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इसके शुरुआती लक्षण अक्सर हल्के होते हैं और लोग इन्हें सामान्य समस्या समझकर टाल देते हैं। यही लापरवाही आगे चलकर जानलेवा साबित हो सकती है। इसलिए यह जरूरी है कि कैंसर के आम शुरुआती संकेतों की जानकारी हर व्यक्ति को हो।

बिना वजह वजन कम होना

कैंसर का सबसे आम शुरुआती लक्षण अचानक और बिना कारण वजन कम होना है। अगर आप डाइटिंग नहीं कर रहे हैं, नियमित एक्सरसाइज नहीं कर रहे हैं और थायरॉइड जैसी कोई बीमारी भी नहीं है, फिर भी वजन तेजी से घट रहा है, तो यह चिंता का संकेत हो सकता है। यह लक्षण खासतौर पर पेट, फेफड़े और अग्न्याशय (पैंक्रियास) के कैंसर में देखा जाता है।

लगातार थकान और कमजोरी

अगर आपकी नींद पूरी हो रही है, खानपान ठीक है, फिर भी आपको लगातार थकान, कमजोरी या ऊर्जा की कमी महसूस हो रही है और आराम करने के बाद भी हालत में सुधार नहीं होता, तो यह कैंसर का संकेत हो सकता है। खासकर ब्लड कैंसर में यह लक्षण आम तौर पर देखने को मिलता है। इसके साथ ही शरीर में ऐसा दर्द जो दवाइयों या आराम से भी ठीक न हो, उसे भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

त्वचा (स्किन) में असामान्य बदलाव

स्किन में अचानक होने वाले बदलाव भी कैंसर की ओर इशारा कर सकते हैं। जैसे शरीर में कहीं गांठ बनना, तिल के रंग या आकार में बदलाव, त्वचा पर ऐसा घाव जो लंबे समय तक ठीक न हो। इसके अलावा मुंह में बार-बार छाले होना, मल के रास्ते खून आना, बार-बार कब्ज या लंबे समय तक पाचन से जुड़ी समस्याएं बने रहना भी चेतावनी संकेत हो सकते हैं।

कब डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है

हर लक्षण का मतलब यह नहीं कि आपको कैंसर ही है, लेकिन अगर ये समस्याएं एक महीने से ज्यादा समय तक बनी रहती हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है। समय पर जांच से गंभीर खतरे को टाला जा सकता है।

कैंसर से बचाव के आसान उपाय

कैंसर से बचाव के लिए कुछ जरूरी आदतों को अपनाना बेहद फायदेमंद हो सकता है। संतुलित और पौष्टिक आहार लें, रोजाना नियमित एक्सरसाइज करें, मानसिक तनाव से बचें और शराब व धूम्रपान जैसी आदतों से दूरी बनाएं। स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। विश्व कैंसर दिवस हमें यह याद दिलाता है कि जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। शरीर के संकेतों को समझें, लक्षणों को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर समय पर डॉक्टर से संपर्क करें-यही कैंसर के खिलाफ सबसे मजबूत कदम है।

यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी के लिए है और किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय सलाह का विकल्प नहीं है। स्वास्थ्य संबंधी निर्णय लेने से पहले योग्य डॉक्टर से परामर्श अवश्य करें। प्रस्तुत जानकारी की सत्यता, प्रभाव या परिणामों की RNI कोई पुष्टि या जिम्मेदारी नहीं लेता।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...