छिंदवाड़ा के मोहखेड़ थाना क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने वाले रेत माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों ने रेत से भरा डंपर खाली कर मौके से फरार होकर प्रशासनिक कार्य में बाधा उत्पन्न की थी।
27 मई 2026 को तहसीलदार और उनके चालक द्वारा रेत वाहन की जांच के दौरान आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया और धमकी देकर डंपर से रेत खाली कर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना मोहखेड़ में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी काले रंग की थार वाहन से लिंगा सर्किल की ओर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टाटा कंपनी का नया डंपर और काले रंग की थार (MP-28-ZD-8323) जब्त की है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 75 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में आसिफ खान, अयूब खान और शमशेर खान शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल वारंट जारी कर दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।